सोनभद्र के रेणुकापार के सैकड़ों गांवों में शुद्ध पेयजल को लेकर केंद्र सरकार की हर घर नल-हर घर जल योजना के तहत बृहस्पतिवार को एक टीम ने क्षेत्र का दौरा किया। टीम ने कर्री के सामने स्थित ओबरा डैम से पानी उठाने व पनारी खास तथा करमसार में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के लिए जगह चिह्नित की।
इस योजना से रेणुकापार के अति पिछड़े सैकड़ों गांव के लाखों लोग लाभांवित होंगे। साइड इंजीनियर कल्याण चौधरी ने बताया कि इस योजना के लिए केंद्र सरकार से 165 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है। काम पूरा करने की जिम्मेदारी एलएनटी को मिला है। इस योजना का शुभारंभ बीते फरवरी माह में ही नमामि गंगे के एडीएम आशुतोष दुबे कर चुके हैं। पनारी ग्राम सभा के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लक्ष्मण यादव ने बताया कि इस योजना से रेणुकापार के क्षेत्रों में पेयजल संकट समाप्त हो जाएगा।
वहीं दूषित पानी पीने से हो रही अनेक बीमारियों से भी ग्रामीणों को निजात मिलेगी। इस योजना से बैरपुर, परसोई, कोटा, पनारी ग्राम पंचायत के सैकड़ों गांव के निवासियों को लाभ मिलेगा। टीम में अधिशासी अभियंता महेंद्र सिंह, सहायक अभियंता अनिल मौर्या, अवर अभियंता धर्मेंद्र यादव, प्रोजेक्ट मैनेजर डी रघु, कुलदीप, मयूर अग्रवाल, दीपक आदि मौजूद रहे।