स्थानीय थाना क्षेत्र के गजराज नगर में स्थित रेलवे क्रासिंग के पास शनिवार को घेराबंदी कर पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को अवैध असलहा और मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया। तस्कर के कब्जे से 80 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत आठ लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।
क्राइम ब्रांच व ओबरा पुलिस को शनिवार की सुबह करीब आठ बजे सूचना मिली कि एक आरोपी हेरोइन लेकर गजराज नगर रेलवे क्रासिंग पर आ रहा हैं। इस पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ओबरा अभय कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी साजिद सिद्दीकी, सर्विलांस प्रभारी उप निरीक्षक सरोजमा सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक अब्दुल कलाम, उप निरीक्षक परविंदर कुमार मौके पर पहुंच गए। सीओ ओबरा शंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए सुफियान खान निवासी उरमौरा कोतवाली राबर्टसगंज के पास से 80 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।