उत्पादन निगम की सबसे बड़ी अनपरा परियोजना की चौथी इकाई ने लगातार 198 दिन के संचालन का रिकार्ड बनाया है। शुक्रवार की देर रात ट्रिप होने के पूर्व इकाई ने छह साल पुराना रिकार्ड तोड़ने में कामयाबी पाई।
अनपरा परियोजना की 500 मेगावाट की चौथी इकाई ने अभी तक लगातार सर्वाधिक दिन संचालन का रिकार्ड बनाया है। अनपरा बी के जीएम जेपी कटियार ने बताया कि इससे पूर्व अनपरा बी की ही 500 मेेगावाट की पांचवीं इकाई ने वर्ष 2014-15 में 176 दिन लगातार उत्पादनरत रहने का रिकार्ड बनाया था। उन्होंने बताया कि ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण शुक्रवार रात में 10:58 बजे ट्रिप हुई इकाई का युद्घस्तर पर अनुरक्षण किया जा रहा है। इकाई को रविवार रात लाइटअप कर सोमवार सुबह तक सिंक्रोनाइज कर लिया जाएगा। चौथी इकाई के रिकार्ड का श्रेय उन्होंने पूरी टीम को दिया है। इकाई के रिकार्ड बनाने से अधिकारियों व कर्मचारियों में भारी हर्ष व्याप्त है।
अनपरा की दूसरी इकाई से विद्युत उत्पादन शुरू
तकनीकी कारणों से बंद चल रही अनपरा परियोजना की दूसरी इकाई से विद्युत उत्पादन शुरू हो गया है। प्रबंधन के अनुसार इकाई का अनुरक्षण कार्य पूर्ण कर शनिवार सुबह इस इकाई को लाइटअप किया गया था। दूसरी इकाई के लोड पर आ जाने से पावर कारपोरेशन को सुचारु विद्युत आपूर्ति करने में काफी मदद मिली है।