सोनभद्र। उप संभागीय परिवहन कार्यालय लोढ़ी में लाइसेंस बनवाने सहित अन्य कार्यों के लिए महिलाओं की संख्या बढ़ने लगी है। हालांकि महिलाओं की सहूलियत के लिए अब कार्यालय में अलग से काउंटर खोलने का निर्देश दिया गया है। विभाग इसकी तैयारी में जुट गया है।
लाइसेंस बनवाने के लिए महिलाओं को अब आरटीओ कार्यालय में परेशान नहीं होना पड़ेगा। ड्राइविंग लाइसेंस के लिए महिला आवेदकों को स्पेशल काउंटर की सुविधा मिलेगी। इस काउंटर पर सीधे महिला जाकर अपने लाइसेंस की प्रक्रिया को पूरा कर सकेंगी। साथ ही महिलाओं को जागरूक भी किया जा रहा है। अब तक आरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए महिलाओं को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लंबी लाइन होने के कारण घंटों बाद नंबर आता है, लेकिन अब कार्यालय में महिलाओं को लंबी लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं होगी। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति अभियान का तीसरा चरण शुरू हो गया है। मिशन शक्ति के तहत संभागीय परिवहन विभाग में महिलाओं के लिए डीएल बनवाने के लिए एक स्पेशल काउंटर बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। आरटीओ कार्यालय में महिलाओं के लिए हेल्प काउंटर भी बनेगा। विभाग में आने वाली महिला आवेदकों को लाइसेंस से संबंधित जानकारी से लेकर आवेदन की प्रक्रिया व अन्य कामों की जानकारी इस काउंटर पर दी जाएगी। साथ ही महिलाओं को मिशन शक्ति के तहत संकल्प भी दिलाया जा रहा है।