सोनभद्र। पिछले 36 घंटे के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में पांच लोगों की जान गई है। कई गंभीर रुप से भी घायल हुए हैं। उनका उपचार नजदीकी अस्पतालों में कराया जा रहा है। जिला अस्पताल और सीएचसी दुद्धी में पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सेहुआं गांव के पास शुक्रवार की शाम कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार संदीप यादव (25) पुत्र शिवकुमार यादव निवासी बिसहार थाना करमा की मौत हो गई। संदीप अपने घर से ससुराल रघुनाथपुर थाना रामपुर बरकोनिया जा रहा था। रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा ने शव को जिला अस्पताल भेजवाया। म्योरपुर: थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर जमतीहवा नाला के पास शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में अजय कुमार (26) पुत्र सदानंद निवासी रेहटा थाना अनपरा की मौत हो गई। हादसे में घायल सूबेदार (27) पुत्र संतलाल निवासी संचीराडांड़ पिंडारी थाना बीजपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस की सहायता से म्योरपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां अजय की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर हादसे की सूचना पाकर मृतक का भाई अरविंद व रिश्तेदार म्योरपुर सीएचसी पहुंच गए। मृतक के भाई के मुताबिक उसका भाई और जीजा सूबेदार सुबह रेहटा स्थित घर से नधिरा में नानी के घर जा रहे थे। सलखन: वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सलखन स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप अचानक सामने आए मवेशी से टकराकर बाइक सवार राजेश यादव (22) पुत्र बबन यादव निवासी सलखन बैरहवा टोला की मौत हो गई। राजेश जेसीबी का चालक था। वह चोपन से बाइक से अपने घर आ रहा था। हादसे में घायल होने के बाद उसे जिला अस्पताल से बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घोरावल: दीपावली के दिन बृहस्पतिवार रात घोरावल कोतवाली क्षेत्र के अलग अलग स्थानों पर सड़क हादसे में युवक समेत दो की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार केवली मयदेवली निवासी रामलाल (57) बृहस्पतिवार की रात बाइक के धक्के से गंभीर रूप से घायल हो गए।
शुक्रवार की सुबह वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक रामलाल के पुत्र अमरनाथ ने बताया कि घोरावल के खाख तिराहे पर मिर्चा बेचकर उसके पिता बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे घर वापस लौट रहे थे। उसी दौरान समय राबर्ट्सगंज की तरफ से आ रहे तेज गति बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में घोरावल कोतवाली के बरयां गांव निवासी बाइक सवार गुड्डू (32) व गोविंदा (30) भी घायल हो गए, जिनका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं दूसरी घटना में बृहस्पतिवार की रात नौगवां गांव के पास दो बाइकों की भिड़ंत में करमा थाना क्षेत्र के भदोही खैराही निवासी आशीष (35) पुत्र हरिप्रसाद, राबर्ट्सगंज के तालियां मधुपुर निवासी सोनू कुमार (35) पुत्र घूने व घोरावल के परसिया कड़िया निवासी रविंदर गोंड (25) पुत्र शुभगलाल घायल हो गए।
सीओ शंकर प्रसाद एवं प्रभारी निरीक्षक देवतानंद सिंह ने तीनों को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया। तीनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रविंदर गोंड की हालत नाजुक होने पर उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।