डाला पुलिस चौकी अंतर्गत शहीद स्थल बस स्टैंड के समीप सोमवार की रात शक्तिनगर जा रही विंध्यनगर डिपो की बस ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बस स्टैंड के पास मध्यरात्रि में चोपन की ओर से शक्तिनगर की तरफ जा रही कार को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना में कार सवार ऋषभ तिवारी (23) पुत्र ओंकार तिवारी, आर्यन सिंह (19) पुत्र अशोक सिंह, शशि कुमार (27) पुत्र मुन्नु राम तीनों निवासी चोपन गंभीर रूप से घायल हो गए। चौकी प्रभारी मनोज कुमार ठाकुर ने घायलों को उपचार के लिए चोपन सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी गंभीर रूप से घायल ऋषभ व आर्यन सिंह को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार और बस को सड़क किनारे खड़ा करा दिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।