चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मारकुंडी के ओबरी टोले में मंगलवार की सुबह किसी कागजात पर हस्ताक्षर को लेकर उपजे विवाद में कुछ लोगों ने ग्राम प्रधान के साथ मारपीट की। घटना से नाराज ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों के साथ चोपन थाने पहुंच कर पुलिस को ग्राम रोजगार सेवक समेत कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी।
ओबरी टोले में मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे ग्राम प्रधान और ग्राम रोजगार सेवक समेत अन्य लोगों से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट में तब्दील हो गया। ग्राम प्रधान उधम सिंह यादव ने बताया कि टोला ओबरी में रोजगार सेवक द्वारा सादे कागजात पर प्रधान के नाम पर ग्रामीणों से जबरिया हस्ताक्षर करा रहा था। इसकी जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचा। हस्ताक्षर के बाबत पूछने पर रोजगार सेवक, उसके भाइयों व सहयोगी गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो विपक्षीगण जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना से नाराज ग्राम प्रधान कुछ समर्थकों के साथ थाने पर पहुंच कर घटना की लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर रोजगार सेवक ने भी ग्राम प्रधान पर मारपीट कर घायल करने और रुपये छीनने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में चोपन थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच करने के साथ ही मारपीट में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।