सोनभद्र। कोतवाली से महज पांच सौ मीटर दूरी पर व्यापारी दंपती की नृशंस हत्या के आठ दिन बाद भी पुलिस हत्यारों का कोई ठोस सुराग नहीं लगा पाई है। इससे नाराज विभिन्न संगठनों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। घटना की सीबीआई जांच की मांग करते हुए पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। दो दिन में नतीजा न निकलने पर अनशन की चेतावनी दी।
ब्रह्मनगर के गली नंबर दो निवासी धर्मेंद्र पटेल व उनकी पत्नी मंजू देवी की 10 अगस्त की भोर में धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी। दोनों नगर के बाईपास रोड पर राज पैलेस के पास स्थित अपने दूसरे मकान में मौजूद थे।
घटना के आठ दिन बाद भी खुलासा न होने से असंतुष्ट लोगों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। सपा नेता डॉ. लोकपति सिंह, अरविंद सिंह व देशराज पटेल ने कहा कि इस वारदात ने कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। विवेक सिंह पटेल, पवन पटेल, मुकेश तरंग ने कहा कि पर्याप्त समय बीतने के बाद भी पुलिस का कोई सुराग न जुटा पाना, उनकी अक्षमता को जाहिर कर रहा है। इस मौके पर रामभरोसे सिंह, प्रसन्न पटेल, सुमन पटेल, शीतल पटेल, संतोष पटेल, सियाराम सिंह, सुनील आदि शामिल रहे।