सोनभद्र। जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा रक्षाबंधन पर बहन से राखी बंधवाने 18 अगस्त को जिले में आएंगे। वह देर शाम छह बजे मधुपुर के आमडीह स्थित बहन के घर पहुंचेंगे। अगले दिन राखी बंधवाने के बाद वाराणसी रवाना हो जाएंगे। उनके आगमन की सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है। गांव में चौकसी बढ़ा दी गई है।
मूल रूप से गाजीपुर के निवासी मनोज सिन्हा की बहन जिले के मधुपुर स्थित आमडीह गांव में रहती हैं। वह प्रतिवर्ष अपनी बहन के घर राखी बंधवाने आते हैं। इस बार रक्षाबंधन 19 अगस्त को है। लिहाजा उप राज्यपाल मनोज सिन्हा 18 अगस्त की शाम को ही जिले में पहुंच जाएंगे। प्रोटोकॉल के अनुसार 18 अगस्त की शाम साढ़े 4 बजे वह वाराणसी से सड़क मार्ग के जरिए आमडीह के लिए रवाना होंगे।
शाम छह बजे आमडीह पहुंचेंगे। यहां रात्रि विश्राम करेंगे। 19 अगस्त को सुबह राखी बंधवाने के बाद वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने बताया कि उप राज्यपाल के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व अन्य इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी निगरानी की जा रही है।