सोनभद्र नगर के पूरब मोहाल में दो दिन पहले महिला की हत्या कर खाली प्लाट में फेंके गए शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। घटना का खुलासा करते हुए सीओ ने दावा किया कि महिला के प्रेमी ने ही उसकी गला घोंटकर हत्या की थी। पहले से ही शादीशुदा प्रेमी पर महिला शादी करने और पैसे देने का दबाव डाल रही थी।
यह है पूरा मामला
सदर कोतवाली में सीओ सिटी राहुल पांडेय ने मीडिया को बताया कि 11 मार्च को पूरब मोहाल के खाली प्लॉट में झाड़ियों के बीच महिला की हत्या कर फेंका गया शव मिला था। आधार कार्ड से उसकी पहचान फुलवार निवासी ममता श्रीवास्तव के रूप में हुई। दो साल पहले प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति राजीव श्रीवास्तव की हत्या के मामले में वह गिरफ्तार हुई थी और कुछ माह पहले ही जमानत पर बाहर आई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मृतका के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेकर छानबीन की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। सीओ ने बताया कि जमानत पर बाहर आने के बाद ममता का फूलवार के ही नंदू यादव से नजदीकी बढ़ गई थी। वह मुकदमे की पैरवी सहित अन्य कार्यों में ममता की मदद करता था। पुलिस ने नंदू को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार की।