सोनभद्र में चोपन क्षेत्र के गुरमुरा पेट्रोल पंप के पास मंगलवार रात ट्रक को ओवरटेक में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप सवार 12 मजदूर घायल हो गए। पहले चोपन सीएचसी फिर जिला अस्पताल में घायलों का उपचार किया गया। एक घायल की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। देर शाम उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
धान की कटाई के लिए बभनी क्षेत्र से मजदूरों की टोली पिकअप पर सवार होकर चंदौली जिले के चकिया जा रही थी। रात करीब ढाई बजे शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर ट्रक को ओवरटेक करने में पिकअप पलट गई तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी।
हादसे में पिकअप चालक कैलाश (35), ओमप्रकाश (48), चंद्रिका (40) निवासी फिरोजपुर चकिया चंदौली, महेंद्र (30), सोबरन (45), रामसुंदर (19), नन्हकू (18), जगशाह (65), अजय (35), रामचरित्र (18), फूलमती (40), अमृतलाल (35) निवासी सेमरिया टोला थाना बभनी घायल हो गए।
टक्कर के बाद पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को चोपन सीएचसी पहुंचाया वहां प्रारंभिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां से डॉक्टरों ने जगशाह को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। चोपन थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।