म्योरपुर। आश्रम मोड़ पर मुर्धवा-बीजपुर मार्ग की खस्ता हालत से क्षुब्ध होकर ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल सड़क मरम्मत की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप था कि बड़े-बड़े गड्ढे होने से रोजाना हादसे का खतरा बना हुआ है। आश्रम मोड़ पर स्थिति ज्यादा भयावह हो गई है। आश्रम मोड़ म्योरपुर वाले रास्ते पर बड़े-बड़े गड्ढे में गाड़ियों के निकलने से गाड़ियों के पलटने का डर बना रहता है। इसके अलावा रनटोला में भी सड़क की हालत काफी खराब हो गई है। कहा कि इस मार्ग की वर्ष भर पूर्व ही मरम्मत का कार्य हुआ था लेकिन बरसात में फिर से सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कई बार सड़क के मरम्मत की मांग की गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों में प्रीतम सिंह, मनीष सिंह, उमेश जायसवाल, राजेश जायसवाल, चंद्रकिशोर राय, कट्टर सिंह आदि मौजूद रहे।