कस्बे के रामनगर में सील किए जाने के बाद भी ताला तोड़कर संचालित किए जा रहे नेशनल हेल्थ केयर हॉस्पीटल के बारे में चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। पता चला कि इस अस्पताल का रजिस्ट्रेशन पूर्व में ही निरस्त किया जा चुका था।
पिछले सप्ताह अवैध संचालन पाए जाने पर उसे सील किया गया था। महज दो दिन बाद सील अस्पताल के संचालन की सूचना पर टीम पहुंची तो पता चला कि यहां एक हॉर्निया के मरीज का ऑपरेशन किया गया था। इसी तरह कई दूसरे मरीज भर्ती पाए गए थे।
जब स्वास्थ्य महकमे की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरीजों से पूछताछ की तो पता चला कि विशेषज्ञता वाले (सर्जन) डॉक्टर की बजाय किसी अप्रशिक्षित व्यक्ति से ऑपरेशन कराया गया है। इसकी भेजी गई रिपोर्ट में कहा गया कि ऐसे में जरा सी चूक मरीज की जान ले सकती है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी की तरफ से जो तहरीर दुद्धी पुलिस को सौंपी गई है, उसमें भी नेशनल हेल्थ केयर हॉस्पिटल में संचालित मिली गतिविधियों को मरीज की जान के लिए खतरा माना गया है और कहा गया है कि जिस तरह से बगैर जरूरी सुरक्षा उपाय अमल में लाए हॉर्निया के मरीज का ऑपरेशन किया गया उससे उसकी जान जा सकती थी।
उधर, पुलिस ने भी मामले में गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी स्थितियां सामने आएंगी उसके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।