सलखन। सदर ब्लॉक क्षेत्र के गुरमा मारकुंडी मुख्य मार्ग पर रेलवे के अंडर ग्राउंड पुलिया से पानी रिसाव के कारण राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अंडर ग्राउंड पुलिया के निर्माण कार्य के दौरान ही इससे पानी का रिसाव होने लगा था। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी लगभग दो वर्षों से यहां जमीन से पानी का रिसाव जारी है। इस कारण मार्ग से गुजरने वाले छोटे चार पहिया वाहन, साइकिल, रिक्शा और पैदल स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
रेलवे विभाग ने इसके रिसाव को रोकने के लिए प्रयास भी किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पूर्व में विभाग की तरफ से यहां मशीन लगाकर पानी की निकासी की जा रही थी, मगर पिछले दो माह से यह कार्य भी बंद हो जाने के कारण स्थिति बदतर हो गई है। अंडर ग्राउंड पुलिया में पानी निकासी के लिए कोई इंतजाम न होने से रेलवे के खिलाफ लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में अजय मास्टर, नेत्रपाल पूर्व सभासद, अरूण कुमार, अवधेश, कल्लू अग्रहरि, ग्राम प्रधान उधम सिंह ने बताया कि पूर्व में इसकी सूचना कई बार रेलवे के अधिकारियों और विभाग के कन्ट्रोंल रूम को दी गई, लेकिन आज तक रेलवे विभाग की ओर से इस दुर्व्यवस्था को सुधारने की कोई पहल नहीं किया गया।