जिले के कई धान क्रय केंद्र दुर्व्यवस्था का शिकार हो गए हैं। कई केंद्रों पर किसानों का धान न खरीद कर बिचौलियों के धान खरीदने का मामला सामने आया है। साधन सहकारी समिति लिमिटेड घोरावल की अध्यक्षा संगीता ने डीएम से धान खरीद में अनियमितता बरतने की शिकायत की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी टीके शिबू ने एडीएम को जांच कराने का निर्देेश दिया है। एडीएम राकेश सिंह ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।
जिला प्रशासन की ओर से ओबरा, राबर्ट्सगंज, दुद्धी और घोरावल तहसील क्षेत्र में करीब सौ क्रय केंद्र धान की खरीद के लिए बनाए गए हैं। कई क्रय केंद्रों पर धान खरीद में अनियमितता बरती जा रही है। इसे लेकर विरोध के स्वर उठने शुरू हो गए हैं। इसके बावजूद धान खरीद की व्यवस्था में सुधार होता नहीं दिख रहा है। इस बीच साधन सहकारी समिति लिमिटेड घोरावल की अध्यक्षा संगीता ने डीएम को शिकायती पत्र देकर धान की खरीद में गड़बड़ी होने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि केंद्र प्रभारी द्वारा धान खरीद में काफी अनियमितता की जा रही है। बिचौलियों और मिलरों को लाभ पहुंचाने के लिए फर्जी लोगों और बिचौलियों के नाम से लगभग 1500 क्विंटल धान अपने गोदाम से खरीद दिखाया गया है जबकि जिन लोगों का 1500 क्विंटल धान खरीदा जाना दिखाया गया है उनका केंद्र पर धान पहुंचा ही नहीं है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम टीके शिबू ने एडीएम को प्रकरण की जांच कराकर रिपोर्ट मुहैया कराने का आदेश दिए। अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। उधर धान की खरीद में अनियमितता की शिकायत डीएम के संज्ञान में पहुंचने पर गड़बड़ी करने वालों में खलबली मच गई है।
साधन सहकारी समिति लिमिटेड घोरावल की अध्यक्षा संगीता ने धान खरीद में अनियमितता बरतने की शिकायत की है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। - राकेश सिंह अपर जिलाधिकारी सोनभद्र