किशोरी से दुष्कर्म में दोषी विधायक रामदुलार गोंड को 25 वर्ष की सजा पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान दिया है। शनिवार को सोनभद्र पहुंचे डिप्टी सीएम ने कहा कि कानून ने अपना काम किया है। आरोप सही पाए गए होंगे तो कोर्ट ने सजा सुनाई होगी। कानून सबके लिए समान है, चाहे दोषी विधायक-सांसद हों या आम व्यक्ति। अगर उपचुनाव होता है तो उसमें पार्टी पूरी तैयारी से उतरेगी।
देर शाम पहुंचे डिप्टी सीएम ने सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा किसी को टिकट देने से पहले हर बार जांच करती है। आगे भी उसी तरह जांच करती रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में भाजपा की यूपी समेत पूरे देश में लहर है। अभी सोनभद्र से सटे मप्र, छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी है। राजस्थान में भी भाजपा की सरकार शपथ ले रही है। भाजपा में साधारण से साधारण कार्यकर्ता भी बड़े से बड़ा सम्मान प्राप्त कर सकता है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का जो नारा पीएम मोदी ने दिया है, उसी राह पर पार्टी आगे बढ़ रही है। भाजपा के लिए सिर्फ चार जातियां है। पहला गरीब, दूसरा नौजवान, तीसरी महिला और चौथा किसान। इन चारों जातियों को आगे ले जाने में भाजपा सरकार काम कर रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। देश दुनिया में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा का संगठन, सरकार और जिले का पूरा तंत्र विकसित भारत संकल्प यात्रा को सफल बनाने में लगा है। तकनीकी कारणों से मैं आज इस यात्रा में घोरावल नहीं पहुंच पाया। जल्द ही अलग से कार्यक्रम बनाकर आऊंगा।
यूपी जुड़ा है, आगे बढ़ रहा है
संसद में हुई घटना पर राहुल गांधी के बयान पर तंज कसते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस के लोग पहले यह बताएं कि झारखंड में उनकी पार्टी के सांसद के घर से 354 करोड़ की नकदी कहां से आई। संसद की घटना की जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट जल्द सामने आएगा। इससे पहले इस पर कुछ कहना उचित नहीं। घमंडिया गठबंधन के नेता 2024 के पहले सरकार को बदनाम करने के लिए ऐसे कुचक्र रचेंगे, मगर उनके मंसूबे सफल नहीं होंगे। कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा के बाबत उन्होंने कहा कि यूपी पहले से जुड़ा है और आगे भी बढ़ रहा है।