जिले के कार्डधारकों के लिए खुशखबरी है। सरकार ने मुफ्त राशन योजना को मार्च तक बढ़ा दिया है। इस योजना के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत आच्छादित अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी के करीब चार लाख दो हजार कार्डधारकों को मार्च तक मुफ्त में अनाज देने के साथ ही अब नमक, तेल, दाल भी मुफ्त मिलेगा। इसके लिए शासन स्तर से जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित कर दिया गया है। डीएसओ ने सभी कोटेदारों को योजना का लाभ कार्डधारकों को देने का फरमान जारी कर दिया है।
आपूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मुफ्त राशन योजना के तहत अंत्योदय कार्ड धारकों को राशन में 35 किलो चावल, गेहूं के साथ-साथ दाल, तेल और नमक दिया जाएगा। अंत्योदय कार्ड धारक को 35 किलो राशन (20 किलो गेहूं व 15 किलो चावल) मिलेगा। इस योजना से जिले के 60558 लोग लाभान्वित होंगे। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलो राशन (तीन किलो गेहूं व दो किलो चावल) फ्री में मिलेगा। जिले में करीब पात्र गृहस्थी के तीन लाख 41 हजार कार्डधारक है।