सोनभद्र। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने सीएम की प्राथमिकता वाली योजनाओं की डैशबोर्ड के माध्यम से समीक्षा की। भवन निर्माण के कार्यों में धीमी प्रगति पर यूपी सिडको और सीएनडीएस के एक्सईएन को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित आरईडी के एक्सईएन से भी जवाब तलब किया। बंधी प्रखंड-द्वितीय के कार्य भी संतोषजनक नहीं मिले।
डीएम ने सभी कार्यदाई संस्थाओं को निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य को पारदर्शिता, गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूर्ण करने की हिदायत दी। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़कों के निर्माण कार्य में शिथिलता बरतने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की खराब प्रगति पर दायित्वबोध कराते हुए अपने कार्य में सुधार के निर्देश दिए। पीएम कुसुम योजना की समीक्षा के दौरान जिले में 1618 के सापेक्ष 739 सोलर पंप ही स्थापित किए जाने की बात सामने आई। चिन्हित कृषकों के यहां शत-प्रतिशत सोलर पंप स्थापित कराने को कहा। जिला पर्यटन अधिकारी को निर्माणाधीन परियोजना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मातृत्व शिशु एवं बालिका श्रम योजना, कन्या विवाह योजना सहायता के अन्तर्गत लाभार्थियों को लाभान्वित करने की प्रगति भी धीमी थी। बैठक में सीडीओ सौरभ गंगवार, सीएमओ डाॅ. अश्वनी कुमार, डीपीआरओ नमिता शरण आदि मौजूद रहे।