जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों की बाउंड्री निर्माण की प्रगति धीमी होने पर डीसी मनरेगा से स्पष्टीकरण तलब किया गया।
बैठक में डीएम ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में कराए जा रहे कार्यों के प्रगति की जानकारी ली। बाउंड्रीवाल के कार्यों की प्रगति धीमी पाई गई। इस पर डीएम ने डीसी मनरेगा से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जिन विद्यालयों में अब तक शौचालयों का निर्माण नहीं किया गया है, उसे 15 दिन में पूरा करने की हिदायत दी। डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि विद्यालयों में प्रेरणा तालिका अनिवार्य रूप से लगाई जाए। अगर प्रेरणा तालिका किसी विद्यालय में लगी नहीं पाई गई तो संबंधित बीईओ के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीएम ने टास्क फोर्स सदस्यों की ओर से बीते माह किए गए निरीक्षण की प्रगति जानी। सभी ब्लाकों को मिलाकर शिक्षकों की उपस्थिति 98 प्रतिशत और बच्चों की उपस्थिति 48 प्रतिशत बताई गई। डीएम ने बीएसए को निर्देशित किया कि विद्यालय खुलने पर छात्रों की उपस्थिति का प्रतिशत बढ़ाया जाए। शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जाए। डीएम ने कस्तूरबा गांधी कंपोजिट विद्यालयों में छात्राओं को अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने को कहा। बैठक में सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, बीएसए हरिवंश कुमार, डीपीआरओ विशाल सिंह आदि मौजूद रहे।