सीमा से सटे पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के सिंगरौली में स्थित हर्रई पश्चिम गांव में दस साल के बच्चे की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। सुबह स्थानीय लोग शव देखकर अवाक रह गए। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया। प्रथम दृष्टया हत्या मानकर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया है कि अभय शाह (10) पुत्र राजेश शाह निवासी हर्रई पश्चिम बीते बृहस्पतिवार की शाम घर से खेलने के लिए निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश करने लगे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह घर से करीब सौ मीटर दूरी पर खेत में उसका शव देखा गया। ग्रामीणों ने शव देखे जाने की सूचना परिजनों के साथ पुलिस को दी। परिजनों ने आशंका जताई है कि बच्चे की हत्या आसपास के लोगों ने ही की है। जिस पत्थर से सिर पर हमला किया गया है उसे भी शव के करीब रखा गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनकर ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई तेज करेगी।