चौधरी गोविंद सिंह ग्राउंड पर चल रही 21वीं चौधरी गोविंद सिंह स्मृति राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच पंजाब और रेलवे मुगलसराय के बीच खेला गया। मुगलसराय ने पंजाब को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
मुख्य अतिथि प्रभव हॉस्पिटल के डॉ. आरडी चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। रेलवे मुगलसराय के कैप्टन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मुगलसराय की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 134 रन बनाकर विपक्षी टीम को 135 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में खेलने उतरी पंजाब की टीम ने 19.4 ओवरों में सभी विकेट खोकर 129 रन बनाए। मैच को मुगलसराय ने 5 रनों से जीत कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार नूर इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर नूरुद्दीन खान के सौजन्य से प्रतीक को दिया गया। टूर्नामेंट का तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच बलिया व गाजीपुर के बीच खेला जाएगा। निर्णायक अंपायर इरसान खान व नौशाद खान रहे। कमेंट्री अमृत गुप्ता, स्कोरिंग शाहरुख खान ने की। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव नूर अहमद खान, कोषाध्यक्ष जय शंकर भारद्वाज, नूरुद्दीन खान, भाजपा नेता माला चौबे, बाबू पंकज सिंह, विकास क्रिकेट क्लब के संस्थापक सुरेश सिंह पटेल ,अध्यक्ष राज कुमार केसरी, मैनेजर सुनील श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।