नगर पंचायत दुद्धी अंतर्गत ठेमा नदी जल संयंत्र पर लगा 30 हार्सपावर का मोटर दो दिन से जला हुआ है। मोटर जलने से क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति बाधित हो गई है। इससे उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर में पेयजल की आपूर्ति के लिए ठेमा नदी पर जल संयंत्र लगाया गया है। इस संयंत्र से 1360 उपभोक्ताओं को पेयजल की आपूर्ति की जाती है। लेकिन दो दिन पहले जल संयंत्र में लगा 30 हार्सपावर का मोटर जल गया। इस वजह से पेयजल की आपूर्ति ठप हो गई है। लोग हैंडपंप के सहारे अपनी पेयजल की जरूरत को पूरा कर रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि का कहना है कि जल संयंत्र का 30 हॉर्सपावर का मोटर जल गया है। वहीं इंटेक वेल में वाटर लिफ्टिंग पाइप भी फट गया है। मोटर बनवाते हुए पाइप की मरम्मत भी कार्रवाई जा रही है जो बृहस्पतिवार की शाम तक ठीक कर लिया जाएगा। मरम्मत कार्य पूरा कराकर जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।