घोरावल कोतवाली क्षेत्र के हिनौती ग्राम पंचायत के बरयां गांव में बुधवार की सुबह खेत की ओर गई महिला की सर्पदंश से मौत हो गई। महज 25 दिन पहले महिला ने पुत्र को जन्म दिया था। अब उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिनौती ग्राम पंचायत के बरयां गांव निवासी धीरज विश्वकर्मा की पत्नी कुसुम (30) बुधवार की सुबह खेत की ओर गई थी। वहां उसे सांप ने डस लिया। महिला को अचेत हाल में परिजन सीएचसी घोरावल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का मायका राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कम्हारी गांव में है। घटना की सूचना पाकर मायके के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बीते नौ अक्तूबर को कुसुम को बेटा पैदा हुआ था। प्रभारी निरीक्षक देवतानंद सिंह ने बताया कि महिला के मौत की सूचना पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।