ग्राम पंचायत शिवखरी के जूनियर हाई स्कूल परिसर में चल रही प्रांतीय कबड्डी प्रतियोगिता में रविवार को मिर्जापुर की टीम विजेता रही। बेहतरीन खेल दिखाते हुए मिर्जापुर की टीम ने 25-16 के अंतर से झारखंड के गढ़वा जिले की टीम को शिकस्त दी। प्रतियोगिता में दोनों प्रांतों से बालक-बालिकाओं की कुल 24 टीमों ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मनोज कुमार दुबे ने किया था।
बालिका वर्ग के फाइनल मैच में मिर्जापुर और गढ़वा की टीम आमने-सामने रहीं। मिर्जापुर की टीम ने 25 और झारखंड की टीम ने 16 अंक अर्जित किए। वहीं बालक वर्ग में सोनभद्र के साईं हॉस्पिटल हिंदुआरी और चंदौली जिले के बीच मैच हुआ। इसमें साईं हॉस्पिटल ने 25 अंक अर्जित किए। चंदौली की टीम महज सात अंक ही हासिल कर सकी। ग्राम प्रधान अरविंद कुमार सिंह पटेल ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। निर्णायक मंडल में मिर्जापुर के कबड्डी सचिव हूबलाल, मुकेश कुमार यादव, हर्ष सिंह, चंदौली के प्रमोद यादव, सोनभद्र के सुरेंद्र सिंह पटेल रहे। इस मौके पर अरविंद सिंह, आशीष पटेल, विजय पटेल, अवध लाल यादव, निर्मल यादव, विवेक कुमार, बलराम पटेल, विनोद, मनोज सहित अन्य मौजूद रहे।