सोनभद्र। अफसरों का लोकेशन बताकर गिट्टी-बालू लदे वाहनों को पास कराने वाले पासरों पर एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। खान निरीक्षक की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने, लोक सेवक पर हमला व भयभीत करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले में कुछ वाहल चालक व मालिक भी आरोपी बनाए गए हैं।
सदर कोतवाली में दी तहरीर में खान निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मंगलवार की अर्द्धरात्रि में वह लोढ़ी स्थित खनिज बैरियर पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उल्टी दिशा से तेज रफ्तार में वाहन लेकर पासर व अन्य लोग आए। उन्होंने बैरिकेटिंग को क्षतिग्रस्त किया। उन्हें भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 50-60 अज्ञात पासर, वाहन स्वामी व चालकों पर केस दर्ज किया है। बता दें कि पासरों पर शिकंजा कसने के लिए पिछले दिनों एसपी के निर्देश पर 25 पासरों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा कई अन्य को भी चिह्नित किया जा रहा है। अब एक और मुकदमा दर्ज होने से अवैध कार्य में संलिप्त लोगों की मुश्किलें बढ़नी तय है।