सोनभद्र। सदर एसडीएम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर में संचालित निजी अस्पतालों की औचक जांच की। इस दौरान अस्पतालों में कई खामियां पाई गई। कहीं डॉक्टर नदारद थे तो कहीं जरूरी मानक पूरे नहीं थे। टीम इसकी रिपोर्ट तैयार कर डीएम को प्रेषित करेगी।
डीएम चंद्रविजय सिंह के निर्देश पर सदर एसडीएम निखिल यादव के नेतृत्व में टीम बृहस्पतिवार को उरमौरा स्थित धनवंतरि अस्पताल, जीवनदान हाॅस्पिटल समेत तीन अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने वहां पंजीकरण, डॉक्टर व प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता, ओटी, साफ-सफाई सहित अन्य बिंदुओं पर गहन परीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पतालों में काफी खामियां पाई गई। इस पर संचालकों को नोटिस देकर जवाब तलब किया गया। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण की विस्तृत रिपाेर्ट डीएम को प्रेषित की जाएगी। उनके निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी।