Sonbhadra News: सोनभद्र में बड़ा हादसा हुआ। दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हुई, जबकि दो मासूम समेत छह लोग घायल हुए हैं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के म्योरपुर-लीलासी मार्ग पर जामपानी गांव के पास बड़ा हादसा हुआ। दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में दो मासूम समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
ये है पूरा मामला
मृत युवक की पहचान रामकुमार (24) पुत्र रामनाथ निवासी कटौली के रूप में हुई। वहीं हादसे में छोटू (20) पुत्र रामबिहारी निवासी रनटोला, प्यारेलाल (30) पुत्र रामजीत निवासी सुपाचुंआ और उसकी पत्नी संगीता (25) व बच्चे सागर (04), संसार (05) तथा रिश्तेदार धवला प्रसाद (25) करीमन निवासी घघरी थाना बभनी घायल हुए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घायलों को पुलिस और एंबुलेंस की मदद से म्योरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर म्योरपुर सीएचसी पहुंचे थाना प्रभारी हेमंत सिंह ने घटना के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि मृतक रामकुमार व छोटू रिश्ते में चचेरे भाई थे। पल्सर बाइक पर सवार होकर जामपानी गांव में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
इस दौरान जामपानी गांव में शादी कार्यक्रम से वापस अपने घर आते समय दूसरे बाइक सवार से टकरा गए। दोनों बाइक पर सवार लोगों में से किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था। इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अंकित सिंह ने बताया कि हादसे में घायल दोनों बच्चों और उनके माता-पिता की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।