सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के महुआंव कलां गांव में पहाड़ी पर युवती का शव मिलने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शादी के लिए दबाव बनाने पर युवती के प्रेमी ने उसकी हत्या की थी। पहले उसे पहाड़ी से नीचे धकेला फिर पत्थर से सिर कूंच दिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
यह है पूरा मामला
गत शनिवार को महुआंव कलां गांव के महुअर पहाड़ी पर युवती (20) का शव मिला था। उसका पूरी तरह चेहरा खराब हो चुका था। पुलिस ने दावा किया था कि कीड़ों के काटने से शव की यह हालत हुई है। रविवार को पास के ही एक गांव निवासी व्यक्ति ने युवती की पहचान अपनी बेटी की रूप में करते हुए बताया कि वह 22 फरवरी से लापता थी। परिवार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो हत्या की बात सामने आई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मंगलवार को केस दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। इस बीच बुधवार को पुलिस ने महुआंव कलां गांव निवासी शिवम धर दुबे उर्फ विनित को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि पूछताछ में युवक ने हत्या की बात स्वीकार की। युवक ने बताया कि युवती से उसका प्रेम संबंध था।