घोरावल। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी कान्हा गौशाला एवं बेसहारा पशु आश्रय योजना के अंतर्गत घोरावल नगर पंचायत में कान्हा गोवंश संरक्षण गृह का शनिवार को शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार एवं अधिशासी अधिकारी चैतन्य कुमार तिवारी द्वारा गौमाता का पूजन कर एवं नारियल फोड़कर कान्हा गोवंश संरक्षण केंद्र की शुरुआत की।
नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि कान्हा गौशाला की शुरुआत होने से नगरवासियों को निराश्रित व घुमंतू गौवंशों से निजात मिलेगी। 500 की क्षमता वाले कान्हा गौशाला में नगर में घूम रहे निराश्रित व घुमंतू गौवंशों को रखा जाएगा। यहां गौवंशों के बेहतर इलाज, भोजन पानी व रहन सहन की व्यवस्था की जाएगी। अधिशासी अधिकारी चैतन्य कुमार तिवारी ने कहा कि घोरावल नगर पंचायत के वार्ड नं 3 में कान्हा गौशाला का निर्माण कार्य नवंबर 2019 में शुरू किया गया था। करीब 1.62 करोड़ रुपये की लागत से बने इस गौशाला में बायो गैस प्लांट, हे हाऊस (भूसा घर), चिकित्सा कक्ष समेत गौवंश के संरक्षण के लिए सभी उपाय किए गए हैं। इसमें एक साथ 500 गोवंश को रखने का स्थल बनाया गया है। शनिवार को नगर पंचायत में आवारा घूम रहे 8 गोवंश को कान्हा गौशाला में संरक्षित किया गया। कान्हा गोवंश आश्रय स्थल का शुभारंभ होने से नगर के लोगों में काफी राहत की सांस ली है। इस अवसर पर सभासद रमेश कुमार उमर, पवन दुबे, धीरज कुमार उमर, अशोक अग्रहरि, घोरावल व्यापार मंडल अध्यक्ष घनश्यामदास केडिया, महामंत्री अमरेशचंद्र, डीएन त्रिपाठी, संजय सिंह, धनंजय पटेल, चंचल सिंह इत्यादि रहे।