नगवां ब्लॉक के दरमा गांव में ग्राम पंचायत की ओर से वन क्षेत्र में जेसीबी से तालाब की खोदाई कराई जा रही है। शुक्रवार को फोर्स के साथ वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी को कब्जे में ले लिया। वनकर्मी की तहरीर पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
मांची वन क्षेत्र के दरमा गांव में ग्राम पंचायत की ओर से वन विभाग की जमीन में जेसीबी से तालाब के लिए खुदाई कराई जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर वन रक्षक महेंद्र सिंह पाल ने मौके पर पहुंचकर काम बंद करने को कहा, लेकिन वहां मौजूद लोग तैयार नहीं हुए। वन रक्षक ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। डीएफओ संजीव कुमार सिंह ने फारेस्टर रामजी लाल के नेतृत्व में वन रक्षक रामपुकार, आशीष कुमार सिंह, अनुज कुमार गिरि और रायपुर पुलिस को मौके पर भेजा। वन विभाग एवं रायपुर पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भाग निकले। वन विभाग ने जेसीबी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक जेसीबी बेचन जायसवाल निवासी सुअरसोत की बताई जा रही है। हालांकि जेसीबी मालिक का नाम सही है या गलत, इसकी जांच की जा रही है। रायपुर थानाध्यक्ष विश्व ज्योति राय ने कहा कि वनकर्मी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।