जिला संयुक्त चिकित्सालय के सामने प्रदर्शन करते जीवन दायनी एंबुलेंस कर्मचारी संघ के पदाधिकारी
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। एसडीएम और सीएमओ के साथ मंगलवार की वार्ता में एंबुलेंस कर्मचारियों ने इमरजेंसी सेवा के लिए एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया था लेकिन बुधवार को वह फिर से एकजुट हो गए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वह चाभियां जमा कर लखनऊ रवाना होंगे।
समायोजन सहित छह सूत्री मांग को लेकर आंदोलित एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल से मरीजों के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अस्पताल तक आने-जाने में उन्हें निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके मद्देनजर सीएमओ डॉ. नेम सिंह, एसडीएम केएस पांडेय सहित अन्य अफसरों ने मंगलवार की शाम एंबुलेंस कर्मचारी संगठन के सदस्यों से वार्ता कर इमरजेंसी सेवा के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाने की अपील की थी। इसमें सहमति भी बनी और वाहनों की संख्या 9 से बढ़ाकर 20 कर दी। बुधवार को दोपहर बाद वह फिर से हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों ने साफ कहा है कि अगर उनकी मांगे पूरी नहीं की जाती तो वह सेवा जारी नहीं रख सकेंगे। जिला अस्पताल परिसर में प्रदर्शन करने वालों में अवधेश, विनय, प्रमोद, योगेश्वर, राकेश, अंकित आदि शामिल रहे।