सोनभद्र। दीपावली के बाद अब छठ पूजा की तैयारी शुरू हो गई है। व्रती महिलाओं के परिवार के लोग अभी से घाटों के किनारे पूजा के लिए वेदी बनाकर जगह सुरक्षित करने लगे हैं। दूसरी ओर सार्वजनिक पूजन समितियों की तैयारी भी शुरू है, लेकिन घाटों की साफ-सफाई सहित अन्य प्रशासनिक इंतजाम ठप है। घाटों के किनारे गंदगी का अंबार है। पानी दुर्गंध दे रहा है। इससे श्रद्धालुओं में असंतोष है।
सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ जिले में धूमधाम से मनाया जाता है। जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज नगर स्थित रामसरोवर तालाब, अकड़हवा पोखरा और बढ़ौली गांव स्थित तालाब के साथ ही घुवास खुर्द स्थित नहर के छठ घाट पर हर साल व्रती महिलाएं पूजन करती है। कल यानी आठ नवंबर से नहाय खाय के साथ छठ पूजा शुरू हो रहा है। व्रती महिलाएं 36 घंटे का व्रत रखकर अस्ताचल एवं उगते हुए सूर्य को अर्घ देकर व्रत का समापन करेंगी। परिवार के लोग छठ घाटों पर वेदी बनाकर जगह सुनिश्चित करने में जुट गए हैं। लेकिन अभी साफ-सफाई नहीं हो सकी है। घुवास खुर्द स्थित नहर में व्रती महिलाओं के परिहन वेदी बनाने में जुट गए हैं। अब तक दो सौ से अधिक वेदी बनाए जा चुके हैं। लेकिन वहीं दूसरे दिन नहर की सफाई अभी नहीं हो सकी है।
शीघ्र ही छठ घाटों की सफाई कराई जाएगी। घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था भी रहेगी। इसके लिए संबंधितों को निर्देशित किया गया है। -वीरेंद्र जायसवाल, चेयरमैन-नगर पालिका परिषद सोनभद्र