जिले के परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। कक्षा-1 से आठ तक कुल 2061 विद्यालयों में करीब 2.48 लाख छात्र-छात्रा पंजीकृत हैं। पहले दिन हिंदी, सामाजिक विज्ञान और गणित की परीक्षा में बच्चों ने अपनी दक्षता दिखाई।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन 1407 परिषदीय प्राथमिक, 257 उच्च प्राथमिक और 397 कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। पहले परीक्षा 16 मार्च से शुरू होनी थी। ऐन वक्त पर तिथि में परिवर्तन कर दिया गया था। सभी स्कूलों पर पहले से ही प्रश्न पत्र पहुंचा दिए गए थे। बुधवार को सुबह 9.15 बजे से परीक्षा आरंभ हुई। बीएसए नवीन कुमार पाठक ने बताया कि परीक्षा में कक्षा एक में 23281, कक्षा दो में 34410, कक्षा तीन में 33484, चार में 32605 और कक्षा पांच में 36422 बच्चे पंजीकृत हैं। वहीं कक्षा 6 में 25282, सात में 26243 और कक्षा आठ में 25927 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा 23 मार्च तक अनवरत चलेगी। इसके बाद 24 से 26 तक होली का अवकाश रहेगा। 27 तारीख को परीक्षा समाप्त होगी। पहले दिन कक्षा 2 के बच्चों की हिंदी, 3 की सामाजिक ज्ञान, कक्षा चार से कक्षा 8 तक के बच्चों की गणित और कला की परीक्षा हुई। इसमें से 95 फीसदी से अधिक बच्चों ने प्रतिभाग किया। सदर ब्लाॅक के उच्च प्राथमिक विद्यालय राॅबर्ट्सगंज के प्रधानाध्यापक राजेश सिंह ने बताया कि पंजीकृत 138 बच्चों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। पहली पाली में कक्षा छह से आठ तक बच्चों की गणित की परीक्षा हुई। दूसरी पॉली में कला की परीक्षा हुई। उच्च प्राथमिक विद्यालय ओरगाई के प्रभारी रामचंद्र मौर्य ने बताया कि परीक्षा के लिए कक्षा 6 से आठ तक के कुल 146 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इसमें से 16 अनुपस्थित रहे। केकराही क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भटौलिया के लगभग 96 फीसदी बच्चे परीक्षा में उपस्थित रहे।