राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में रविवार को स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान का आगाज हुआ। सीएमओ कार्यालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर एसीएमओ डॉ. आरजी यादव व जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. प्रेमनाथ ने पुष्प अर्पित कर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 13 फरवरी तक चलाया जाएगा।
एसीएमओ डॉ. यादव ने कहा कि बापू सदा कुष्ठ रोगियों की सेवा किया करते थे। उनका जीवन गरीबों, असहायों, कुष्ठ रोगियों एवं देश सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्हीं की याद में 30 जनवरी से 13 फरवरी तक जिले में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान एवं पखवाड़ा मनाया जा रहा है। उन्होंने कुष्ठ के मरीजों के साथ सामाजिक भेदभाव की रोकथाम और महात्मा गांधी के कुष्ठ मुक्त भारत के सपनों को साकार करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को शपथ दिलाई। जिला कुष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस अभियान के तहत स्वास्थ्य टीम घर-घर जाकर लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करेगी। हाथ, पैर, चेहरे के नसों एवं त्वचा की जांच भी करेगी। इस मौके पर डॉ. सूबेदार, डॉ. जयवर्धन, पीके निगम, रवि श्रीवास्तव, जितेंद्र सिंह कुशवाहा, पुष्पेंद्र शुक्ला, मनोज कुमार, संजय कुमार आदि उपस्थित रहे।