कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अधिकारी अभिषेक सिंह ने कोविड टीकाकरण की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान डीएम ने पाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण का प्रतिशत कम है। डीएम ने डीपीआरओ विशाल सिंह को ग्राम प्रधानों के माध्यम से 18 वर्ष आयु के ऊपर वालों को टीका लगवाने का निर्देश दिया। कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में शत प्रतिशत टीकाकरण होगा वहां के ग्राम प्रधान और ग्राम स्तरीय सभी कर्मचारी सम्मानित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना महामारी को रोकने के लिए सभी का वैक्सीनेशन होना जरूरी है। गांवों में कैंप लगाकर स्वास्थ्य कर्मी ग्रामीणों को कोरोना का टीका लगवाएं। सभी ग्राम प्रधानों का सहयोग टीका लगाने में लिया जाए। कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में कोविड वैक्सीनेशन का प्रतिशत कम है, वहां सबसे पहले कैंप लगाकर टीका लगाया जाए। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने कहा कि नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण में यह बताया जा रहा है कि अपने गांव में कैंप लगवा कर लोगों का वैक्सीनेशन करवाएं। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत वार कोविड वैक्सीनेशन का विवरण उपलब्ध कराएं। जिन ग्राम प्रधान के द्वारा अपने गांव में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा किया जाएगा उस ग्राम प्रधान को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। शत प्रतिशत टीकाकरण कराने वाले ग्राम पंचायत में कार्य करने वाले ग्राम स्तरीय सभी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। डीपीआरओ विशाल सिंह ने सभी ग्राम प्रधान से आह्वान किया कि अपने गांव में कैंप लगाकर टीकाकरण करवाएं। बैठक में सीएमओ डॉ. नेम सिंह आदि मौजूद रहे।