ग्राम पंचायत धूमा में सोमवार की दोपहर एक बजे कमलेश भुइयां के खलिहान में आग लग गई। आग से चना व अरहर की फसल जलकर राख हो गई। आग ने ट्रैक्टर-ट्राली को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने हैंडपंप व सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाया।
धूमा निवासी कमलेश भुइयां ने बताया कि सोमवार की सुबह महुआ के पेड़ के नीचे सूखे पत्ते को जलाकर बुझा दिया गया था ताकि महुआ का गिरने वाला फूल चूना जा सकें। दोपहर लगभग एक बजे घर के सदस्य पड़ोस में गए थे। इसी बीच चने व अरहर के रखे हुए बोझे में आग की लपट व धुआं निकलता देख स्थानीय ग्रामीण दौड़ पड़े। पास के हैंडपंप व मोटरपम्प चला कर के आग को किसी तरह बुझाया गया। आग से लगभग एक बीघा चने की फसल और डेढ़ बीघे अरहर की फसल जलकर राख हो गई। आग से करीब एक लाख की आर्थिक क्षति हुई है। शोभनाथ भुइयां, संतोष भुइयां, सीताराम भुइयां, भगवान विश्वकर्मा, राजेश प्रजापति, धीरेंद्र कुमार, जय कुमार, धर्मेंद्र, बुधराम, कुमेर, वालकेश्वर ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।