खैराही गांव से जल जीवन मिशन परियोजना के चोरी हुए सामान के साथ चार चोरों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा, जिंदा कारतूस व चाकू बरामद हुआ है। सभी के खिलाफ चोरी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया।
म्योरपुर विकास खंड में इन दिनों जल जीवन मिशन के तहत जल संयंत्र की स्थापना की जा रही है। कार्यदायी संस्था जीए इंफ्रा ने खैराही में गोदाम बनाकर सामान रखा है। गोदाम से कुछ दिनों पूर्व सामान चोरी हो गया था। स्टोर कीपर सूरज जायसवाल ने इस मामले में केस दर्ज कराया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वनवासी सेवा आश्रम को जाने वाले मार्ग के पास से चार चोरों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष अश्वनी तिवारी ने बताया कि पकड़े गए ज्योति प्रकाश उर्फ सोना, ज्ञानचंद निवासी जवारीडांड़ थाना चोपन, रिंकू जायसवाल निवासी रनटोला और द्वारिका प्रसाद निवासी खैरटोला बभनी के पास से चोरी का 160 नग जे बोल्ट बरामद किया। उनके पास से एक कट्टा-कारतूस और एक चाकू भी बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों को संबंधित धाराओं में पुलिस ने जेल भेज दिया।