जिले से सटे बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने कांबिंग तेज कर दी है। शनिवार को फोर्स के साथ ओबरा सीओ शंकर प्रसाद ने जुगैल
थाना क्षेत्र के महलपुर और क्षेत्राधिकारी घोरावल ने भैसवार के जंगलों को खंगाला। इस दौरान क्षेत्राधिकारियों ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी और समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
जनपद में नक्सली संचरण पर प्रभावी रोकथाम रखने, दूरस्थ व पहाड़ी क्षेत्रों के निवासियों से समन्वय स्थापित रखने व जनता में सुरक्षा की भावना बनाये रखने एवं अभिसूचना संकलन के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी ओबरा शंकर प्रसाद द्वारा थाना जुगैल पुलिस के साथ महलपुर के जंगलों में तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल संजीव कटियार द्वारा थाना घोरावल पुलिस व पर्याप्त पीएसी बल के साथ ग्राम भैसवार के दूरस्थ तथा जंगली इलाकों में सघन काम्बिंग की गयी । काम्बिंग के दौरान स्थानीय लोगों से वार्ता कर उन्हें मुख्य धारा में रहकर पुलिस का सहयोग करने व किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने या नक्सली संचरण के विषय में जानकारी होने पर तत्काल पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन को अवगत कराने के लिए प्रेरित किया गया। सीओ शंकर प्रसाद ने कहा कि अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।