राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज लोढ़ी में चल रहे मतदान कार्मिकों के पहले चरण का प्रशिक्षण बुधवार को पूरा हुआ। चार दिनों के प्रशिक्षण के दौरान 11 कार्मिक अनुपस्थित रहे। डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने और विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया है। उधर, प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को बूस्टर डोज भी लगवाई गई।
पहले चरण में पीठासीन और प्रथम मतदान अधिकारी को प्रशिक्षण दिया गया है। उन्हें ईवीएम और वीवीपैट के संयोजन, संचालन के अलावा मॉक पोल कराने का तरीका, मॉक पोल में पड़े वोट को सुरक्षित रखने की विधि आदि की विस्तार से जानकारी दी गई है। रोजाना दो पालियों में 1020 कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल होते रहे हैं। तीन दिनों तक अनुपस्थित रहे कर्मचारियों को अंतिम दिवस उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण लेने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद 11 कार्मिक नदारद रहे। इनमें प्रधानाध्यापक सरोज, तेज बहादुर सिंह, कृष्णकांत भारती, जेई राजेश, सहायक अध्यापक संतोष सिंह, संजय सिंह, सुमन वर्मा, खुशबू, अभिषेक कुमार, वरिष्ठ सहायक नंदलाल प्रसाद, प्रधान सहायक विजय कुमार सिंह शामिल हैं। डीएम टीके शिबू ने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण लेते हुए उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराएं। साथ ही विभागीय कार्रवाई भी करें। प्रशिक्षण के अंतिम दिन सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, डीआईओएस रविशंकर, बीएसए हरिवंश कुमार, डीपीआरओ विशाल सिंह आदि उपस्थित रहे।