विंढमगंज। वन विभाग की टीम ने सोमवार को दुद्धी ब्लॉक के ग्राम पंचायत धोरपा के हुमेलदोहर टोला में वन भूमि से अतिक्रमण हटाया। वन भूमि पर पेड़ पौधों को काटकर जोताई करके झोपड़ी लगाकर कब्जा किया जा रहा था। अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई।
रेंजर इमरान खान व डिप्टी डेंजर सर्वेश सिंह की देख रेख में वन कर्मियों ने वन भूमि पर बनाए गए झोपड़ी को गिरा दिया। वन भूमि पर जोताई करके कब्जा करने पर धोरपा गांव निवासी बालमुकुंद गुप्ता, दिलीप गुप्ता सहित दो अन्य के खिलाफ वन अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम बिहारी को भी कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया। बता दें कि वन रेंज के अंतर्गत वन विभाग के भूमि पर अवैध जोताई कर खेती करने व कब्जा कर मकान बनाने का सिलसिला इन दोनों जोरों पर है। कुछ माह पूर्व हुमेलदोहर में ही कनहर नदी के किनारे लगभग 18 बीघा के प्लांट को स्थानीय ग्रामीणों ने जोत कर अरहर व तिल की बुवाई कर दी गई थी, जिसे वन विभाग के अधिकारी ने मौके पर जाकर उगे हुए तिल व अरहर को नष्ट कराया था। इमरान खान ने कहा कि वन विभाग की भूमि पर किसी को भी अवैध अतिक्रमण व कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।