जिला संयुक्त चिकित्सालय में निरीक्षण करते एडी
- फोटो : SONBHADRA
जिला अस्पताल में ओपीडी कक्ष से अक्सर डॉक्टरों के गायब रहने की शिकायत पर मंगलवार को मिर्जापुर मंडल के अपर निदेशक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने औचक निरीक्षण किया। दोपहर करीब एक बजे जिला अस्पताल पहुंचे अपर निदेशक के निरीक्षण में कई डॉक्टर ओपीडी में नहीं मिले। कई स्वास्थ्य कर्मी भी नदारद रहे। उन्होंने अनुपस्थित डॉक्टर-कर्मचारियों के एक दिन का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अपर निदेशक ने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। यहां डॉक्टर व कर्मी मौजूद मिले। इसके बाद ओपीडी में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान डॉ. एसके चतुर्वेदी, डॉ. दयाशंकर, डॉ. अरविंद कुमार व छोटेलाल सहित कई डॉक्टर अनुपस्थित मिले। इस दौरान जिन स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी, वे भी अपने कार्यस्थल पर अनुपस्थित मिले। ओपीडी कक्ष के बाहर डॉक्टर के आने केे इंतजार कर रहे मरीज व उनके तीमारदारों ने बताया कि ओपीडी से अक्सर डॉक्टर गायब रहते हैं। इस नाते दूर दराज से आने वाले मरीजों को समय से इलाज नहीं मिल पा रहा है। इस पर अपर निदेशक ने अनुपस्थित डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मियों की गैरहाजिरी लगाते हुए एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। वार्डों में गंदगी मिलने पर संबंधितों को फटकार लगाई और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। मरीजों से उन्हें अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी की। लेबर वार्ड में भर्ती महिलाओं से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पूछा कि आपरेशन के नाम पर किसी डॉक्टर ने पैसे तो नहीं लिए। महिला मरीजों की तरफ से मिले जवाब से अपर निदेशक संतुष्ट नजर आए। पैरामेडिकल स्टाफ व संविदा कर्मियों से भी सेवा लेने का निर्देश दिया। इस दौरान प्रभारी सीएमएस डॉ. राजेंद्र प्रसाद आदि रहे।