जिले में टीकाकरण की धीमी होती रफ्तार की समीक्षा करने के उद्देश्य से मंगलवार को डीएम टीके शिबू ने घोरावल तहसील के बिसरेखी और कोहरथा गांव में टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया। आशा, ग्राम प्रधान, लेखपाल, सचिव और निगरानी समिति के सदस्यों से जानकारी ली। टीकाकरण का सही ब्योरा दर्ज न करने पर एक आशा को फटकार भी लगाई। दो दिनों में सभी अभिलेखों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
डीएम ने टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया। एसडीएम रमेश कुमार, तहसीलदार सुशील कुमार, नायब तहसीलदार चंद्रशेखर और बीडीओ रमेश यादव को चुनाव में बूथवार भ्रमण कर टीकाकरण की व्यापक समीक्षा करने के निर्देश दिए। टीकाकरण के लक्ष्य को लेकर लापरवाही बरतने और लक्ष्य के सापेक्ष आंकड़ा कम होने पर केंद्र प्रभारियों पर कार्रवाई के निर्देश दि। बूथों का भ्रमण और एएमएफ की अद्यतन स्थिति, पिछले चुनाव में कम वोटर टर्न आउट पर प्रचार प्रसार और स्वीप एक्टिविटी, क्रिटिकल और संवेदनशील बूथों और व्यक्तियों पर कार्यवाही की समीक्षा कर रूट चार्ट, कम्युनिकेशन प्लान के अनुसार पुनर्मूल्यांकन और विशेष बिंदुओं की रिपोर्टिंग के लिए निर्देशित किया। मतदान केंद्रों पर जाने के लिए एरो मार्क और साइनेज, बैरियर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। सूची के अनुसार चुनाव स्थल पर भ्रमण कर चुनाव के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही साथ आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, सीआरपीएफ और पुलिस फोर्स के साथ मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने और पूरे विधानसभा का रोड मैप तैयार करने को कहा।