शक्तिनगर। पड़ोसी राज्य मप्र के सिंगरौली से 25 दिन पहले घर से लापता तीन किशोरों को तलाशने में कुंदवार चौकी पुलिस सफल रही। तीनों बागपत में थे। पुलिस ने उन्हें सकुशल परिजनों को सुपुर्द कर दिया। जेब खर्च न मिलने पर तीनों से घर छोड़कर जाने की बात बताई है।
रामखेलावन सिंह गोंड़ ने पुलिस चौकी कुंदवार पहुंच रिपोर्ट किया कि 25 जुलाई 2021 को उसका पुत्र वीर बहादुर सिंह (16) अपने दो अन्य नाबालिग दोस्तों के साथ घर से बिना बताए कहीं चला गया है। काफी ढूंढने और पता तलाश करने पर भी नहीं मिल रहा है। संबंधित धारा में केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई थी। साइबर सेल शाखा सिंगरौली की भी मदद से तीनों किशोरों के जिला बागपत उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली। चौकी प्रभारी पुलिस टीम को लेकर बागपत पहुंचे। वहां से तीनों बच्चों को सकुशल बरामद करते हुए सिंगरौली ले आए। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि जेब खर्च के लिए घर में पैसे मांगने पर पैसे ना मिलने और बाहर काम ढूंढने की बात बताई गई। तीनों बच्चों के सकुशल मिल जाने से उनके परिजनों ने खुशी व्यक्त की है। इस कार्रवाई में चौकी कुंदवार के प्रभारी उप निरीक्षक भीपेंद्र पाठक, सहायक उपनिरीक्षक इंद्रदेव सिंह, आरक्षक कैलाश एवं साइबर सेल के शोभाल वर्मा तथा दीपक परस्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।