घोरावल क्षेत्र के पिपरवार गांव में विपणन गोदाम परिसर धान खरीद न होने से प्रदर्शन करते किसान
- फोटो : SONBHADRA
पिपरवार स्थित क्षेत्रीय विपणन अधिकारी कार्यालय पर बृहस्पतिवार को किसानों ने धान खरीद में हो रही समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि वे लोग महीनों से गोदाम में धान लाकर रखे हैं लेकिन खरीद न होने से परेशान हैं।
सिलवर गांव निवासी किसान रामानंद ने बताया कि आठ दिसंबर से उनका 75 क्विंटल धान गोदाम में लाकर रखा गया है। अभी तक खरीद नहीं हुई। सिरसाईं गांव निवासी शिवकुमार ने बताया कि 22 नवंबर से नंबर लगाया है लेकिन खरीद अब तक नहीं हुई। अजय पाल ने 10 जनवरी की निर्धारित तिथि बीतने के बाद भी तौल न होने की शिकायत की। खगिया निवासी किसान सुकालू ने बताया कि एक जनवरी से 22 क्विंटल धान बेचने के लिए वह इंतजार कर रहे हैं। महिला किसान रमावती, पनौली गांव के अनिल, गुरुवल निवासी लक्ष्मण आदि ने भी कई दिनों चक्कर काटने के बाद भी धान की खरीद न किए जाने का आरोप लगाया। मौके पर विपणन निरीक्षक के मौजूद न होने से किसान बिना ज्ञापन दिए लौट गए। इस संबंध में एसडीएम रमेश कुमार ने बताया कि विपणन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर किसानों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।