कोरोना से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान के बीच बुधवार को महिला की मौत ने हड़कंप मचा दिया। चतरा ब्लाक के करौंदिया गांव में दो दिन पहले टीका लगवाने वाली महिला की बुधवार को मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि टीका लगवाने के बाद से ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इसे भ्रम करार दिया है।
चतरा ब्लाक के करौंदिया गांव निवासी छट्ठू धांगर की पत्नी कौशिल्या (48) ने सोमवार को कोरोना का टीका लगवाया था। परिजनों के मुताबिक टीका लगवाने के कुछ घंटे बाद से ही महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे सामान्य प्रभाव मान रहे थे। सुधार की बजाय लगातार सेहत गिरने से चिंतित परिजन महिला को सीएचसी चतरा ले गए। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। इस मामले में ग्राम प्रधान बुद्धि नारायण धागंर ने महिला की मौत के कारणों की जांच की मांग की है। उधर, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉऱोहित सिंह ने कहा कि एक वॉयल में दस लोगों को वैक्सीन लगती है। अगर दवा का रिएक्शन होता तो अन्य लोग भी बीमार होते। महिला को कोई अन्य बीमारी पहले से रही होगी। उधर, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रामकुंवर का कहना था कि अभी ऐसा कोई मामला जिले में नहीं आया है। टीका लगने के बाद आधे घंटे के अंदर ही कोई प्रभाव दिख जाता है। संभव है कि महिला को कोई अन्य बीमारी हो। फिलहाल मामले की जांच कराई जाएगी।