अनपरा थाना क्षेत्र के करहिया स्थित सड़क किनारे झाड़ियों में शुक्रवार दोपहर एक युवक का शव मिला। वह 24 घंटे से लापता था। मृतक के घायल साथी से पूछताछ कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार दोपहर वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर करहिया के समीप झाड़ियों में एक युवक का शव देख लोग सन्न रह गए। सूचना पर अनपरा के प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय भी मौके पर पहुंच गए। शव कब्जे में लेकर पुलिस ने जब तफ्तीश शुरू की तो मृतक की शिनाख्त कहुआ नाला निवासी 25 वर्षीय राजन कुमार पुत्र गुरु प्रसाद के रूप में हुई। कुछ ही देर में पिपरी क्षेत्राधिकारी विजय शंकर मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए। जांच आगे बढ़ी तो पाया गया कि राजन बृहस्पतिवार दोपहर में ही अपने साथी ओम प्रकाश के साथ घर से निकला था। तलाश करने पर ओम प्रकाश भी पुलिस को सिर पर पट्टी लगाया मिला। सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है। मृतक का जहां दांत टूटा है। वहीं उसके शरीर पर घसीटने के भी निशान मिले हैं। ऐसा अमूमन हादसे में ही होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही ुस्थिति स्पष्ट होगी। संभावना जताई जा रही है कि रेणुकूट से वापसी के दौरान हादसे में राजन की मौत हुई है।