ग्राम पंचायत हर्रा के बिलरूआ में कोन-तेलगुड़वा मार्ग पर स्थित एक पेड़ से शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में रमेश कुमार (22) का शव लटकता मिला। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बिलरूआ गांव में शुक्रवार की सुबह कुछ लोगों ने पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटकता देखा। उनके शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे तो शव की पहचान गांव के ही रहने वाले रमेश कुमार (22) पुत्र राजकुमार गोंड के रूप में हुई। कुछ ही देर में मृतक के परिवार के लोग भी पहुंच गए और हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची फोर्स ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि रमेश मूल रूप से नौडीहा निवासी था जो पिछले कई वर्षों से बिलरूआ में घर बनाकर रहता था। प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का सही पता चलेगा। कहा कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।