जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सोमवार को लगी आग से लाखों का नुकसान हो गया। दुद्धी में शार्ट सर्किट से घर में आग लगी तो बीजपुर में पुआल में लगी आग ने घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान जला दिया। काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया।
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव निवासी भुख्खन गुप्ता पीडब्लूडी के कर्मचारी हैं। सोमवार की दोपहर में अचानक घर के अंदर बिजली का तार शार्ट करने से आग लग गई। आग की जद में आने से गैस सिलिंडर फट गया। इसके बाद कुछ ही पलों में पूरा कच्चा मकान आग की आगोश में आ गया। आग लगने से गांव में अफरातफरी मच गई। लोग आसपास के जल स्रोतों से पानी लेकर आग बुझाने में जुट गए। गृहस्वामी के मुताबिक अगलगी से तीन लाख रुपये नकद, गहना, कपड़ा, कूलर, फ्रिज, अनाज सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। बताया कि बड़ा लड़का राजेश गुप्ता टेंट का काम करता था। टेंट का समान लाने के लिए उसने किसी तरह तीन लाख रुपये की व्यवस्था की थी। आग में सामान जलता देख भुख्खन की पत्नी अचेत हो गई। वहीं सिलिंडर फटने से पुत्र राजेश जख्मी हो गया। उसे दुद्धी सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
उधर, बीजपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत लीलाडेवा गांव निवासी तेजबली के घर के बाहर रखे पुआल में आग लग गई। धीरे-धीरे आग ने उसके कच्चे मकान को अपनी गिरफ्त में ले लिया। ग्रामीणों की मदद से गांव में पानी सप्लाई करने वाले टैंकर के पानी से आग पर काबू पाया गया। तेजबली के घर में रखा अनाज व गृहस्थी के अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए।
जान जोखिम में डाल बुझाई आग
ग्राम पंचायत भरहरी में सोमवार को लगी भीषण आग को स्काउट मास्टर डॉ. बृजेश महादेव व अन्य सहयोगियों ने घंटों प्रयास के बाद काबू किया। कूड़े के ढेर में लगी आग पूरी तरह ना बुझने से अचानक तेज हवा बहने के कारण पूरे खेत में फैल गई और बेकाबू हो गई। फायर बिग्रेड के नंबर ने भी साथ नहीं दिया। आनन-फानन में सबमर्सिबल से पाइप जोड़कर डॉ. बृजेश कुमार सिंह महादेव और अन्य लोगों ने आग बुझाई। हनुमान प्रसाद सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, अमृतलाल सिंह, सभापति सिंह, गोपालदास सिंह, विवेक कुमार आदि ने भी सहयोग किया। आग बुझाने की कोशिश में बृजेश कुमार भी झुलस गए।