खेतकटवा चौराहे के पास गुरुवार को दोपहर बाद एक पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में वाहन पर सवार नौ लोग घायल हो गए। उनका उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
गुरुवार को दोपहर तेलगुड़वा मोड़ के पास से एक पिकअप यात्रियों को लेकर झारखंड की ओर जा रही थी। कोन थाना क्षेत्र खेतकटवा चौराहे के पास पहुंचने पर पिकअप की कमानी अचानक टूट गई इससे वह अनियंत्रित हो गई।
गाड़ी ढलान पर होने के कारण चालक ने बचाव का प्रयास किया लेकिन वाहन पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में जय प्रकाश (30) निवासी चकरिया, रवि पासवान (3) पुत्र अजय पासवान और
उसकी मां दुर्गा देवी (25) निवासी रोहिनिया भवनाथपुर झारखंड, पुनीता देवी (22) पत्नी गौरीशंकर, अरविंद (5) पुत्र हेमंत चौधरी निवासी चकरिया, रवि रंजन (25) पुत्र पृथ्वी यादव निवासी बोदार,
कुश कुमार (25) पुत्र मानिक चंद निवासी मकरी भवनाथपुर, मनेाज (25) पुत्र नान्हक चंद निवासी रामगढ़ और कुर्बान पुत्र बुधनी निवासी बेलागांव भवनाथपुर घायल हो गए।
मामले की जानकारी मिलने पर एसओ अतुल सिंह मौके पर पहुंच गए और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डाक्टर न होने के चलते मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ी।
बाद में किसी तरह से मरीजों का प्राथमिक उपचार कंपाउंडर ने किया और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।