करमा थाना क्षेत्र के केकराही गांव में मंगलवार को आटो के धक्के से साइकल सवार अधेड़ की मौत हो गई। नाराज लोगों ने मिर्जापुर-शक्तिनगर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। साथ ही मृतक के परिवारीजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग की। मामले की जानकारी मिलने पर पहुंचे नायब तहसीलदार अभिषेक ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। उधर, पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे केकराही गांव के दुखंती साइकल से करकी माइनर की ओर जा रहा था। अभी घर से कुछ दूरी पर वह पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार से स्कूली बच्चों को लेकर जा रही आटो उसकी साइकल में टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे में दुखंती की मौके पर मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। जाम करने वाले ग्रामीण मृतक केे घरवालों को उचित मुआवजा एवं आटो चालक के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
पुलिस के हस्तक्षेप करने के बाद लोग भड़क गए और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अडे रहे। करीब आधे घंटे बाद नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों को आटो चालक के विरूद्ध कार्रवाई किए जाने एवं मृतक के आश्रितों को अधिक से अधिक मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। दो घंटे जाम लगने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारे लग गई थी। नायब तहसीलदार ने बताया कि दुर्घटना करने वाली आटो को कब्जे में ले लिया गया है। पत्नी कौशिल्या की तहरीर पर आटो चालक किशन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।